पाठ 2 बुद्धि का फल
आइए सीखें - समस्याओं का सूझबूझ से निराकरण।
इस पाठ से हम सीखेंगे।
- शब्दों की शुद्ध वर्तनी
- पर्यायवाची शब्द
- वाक्य रचना
- आगत शब्द
- तत्सम शब्द
- उत्पत्ति के आधार पर शब्दों के भेद
- मुहावरे
- वाक्यांश के लिए एक शब्द
किंवदन्ती के अनुसार बीरबल, अकबर के दरबार में महत्वपूर्ण मंत्री था। बीरबल अत्यन्त चतुर व बुद्धिमान था। उसके बुद्धिमानी के किस्से दादा, नाना, नानी से आपने बहुत सुने होंगे। उसी का एक प्रसंग यहाँ दिया गया है।
एक रोज की बात है कि बादशाह अकबर के दरबार में लंका के राजा का एक दूत पहुँचा। उसने बादशाह अकबर से एक नई तरह की माँग करते हुए कहा - "आलमपनाह ! आपके दरबार में एक से बढ़कर एक बुद्धिमान, होशियार तथा बहादुर दरबारी मौजूद हैं। हमारे महाराज ने आपके पास मुझे एक घड़ा भरकर बुद्धि लाने के लिए भेजा है। हमारे महाराज को आप पर पूरा भरोसा है कि आप उसका बन्दोवस्त किसी-न-किसी तरह और जल्दी ही कर देंगे।" यह सुनकर बादशाह अकबर चकरा गए।
उन्होंने अपने मन में सोचा- "क्या बेतुकी माँग की है, भला घड़े भर बुद्धि का बन्दोबस्त कैसे किया जा सकता है ? लगता है- लंका का राजा हमारा मजाक बनाना चाहता है, कहीं वह इसमें सफल हो गया तो......?" तभी बादशाह को बीरबल का ध्यान आया, वे सोचने लगे कि शायद यह कार्य बीरबल के वश का भी न हो, मगर फिर भी उसे बताने में बुराई ही क्या है ? जब बीरबल को बादशाह के बुलवाने का कारण ज्ञात हुआ तो वह मुस्कराते हुए कहने लगे- "आलमपनाह ! चिन्ता की कोई बात नहीं, बुद्धि की व्यवस्था हो जाएगी, लेकिन इसमें कुछ हफ्ते का वक्त लग सकता है।"
बादशाह अकबर बीरबल की इस बात पर कहते भी तो क्या, बीरबल को मुँह माँगा समय दे दिया गया। बीरबल ने उसी दिन शाम को अपने एक खास नौकर को आदेश दिया- "छोटे मुँह वाले कुछ मिट्टी के घड़ों की व्यवस्था करो।" नौकर ने फौरन बीरबल की आज्ञा का पालन किया।
घड़े आते ही बीरबल अपने नौकर को लेकर कद्दू की एक बेल के पास गए। उन्होंने घड़े को एक कद्दू के फूल पर उल्टा रख दिया, इसके बाद उन्होंने सेवक को आदेश दिया कि बाकी सारे घड़ों को भी इसी तरह कद्दू के फूलों पर उल्टा रख दें। बीरबल ने इस काम के बाद सेवक को उन घड़ों की देखभाल सावधानी पूर्वक करते रहने का हुक्म दिया और खुद वहाँ से चले गए।
बादशाह अकबर ने कुछ दिन बाद इसके बारे में पूछा, तो बीरबल ने तुरन्त उत्तर दिया- "आलमपनाह ! इस कार्य को हो चुका समझें, बस दो सप्ताह का समय और चाहिए, उसके बाद पूरा घड़ा बुद्धि से लबालब भर जाएगा।" बीरबल ने पन्द्रह दिन के बाद घड़ों के स्थान पर जाकर देखा कि कद्दू के फल घड़े जितने बड़े हो गए हैं, उन्होंने नौकर की प्रशंसा करते हुए कहा- "तुमने अपनी जिम्मेदारी बड़ी कुशलतापूर्वक निभाई है, इसके लिए हम तुम्हें इनाम देंगे।"
नीचे 👇जानकारी से संबंधित चित्र देखें।
इसके बाद बीरबल ने लंका के दूत को बादशाह अकबर के दरबार में बुलाया और उसे बताया कि बुद्धि का घड़ा लगभग तैयार है। लंका के दूत के आने पर बीरबल ने फौरन ताली बजाई, ताली की आवाज सुनते ही बीरबल का सेवक एक बड़ी थाली में घड़ा लिए हुए बड़ी शान से दरबार में हाजिर हुआ। बीरबल ने घड़ा उठाया और उसे लंका के दूत के हाथ में सौंपते हुए कहा "लीजिए श्रीमान आप इसे अपने महाराज को भेंट कर दीजिए, लेकिन एक बात अवश्य ध्यान रखिएगा कि खाली होने पर हमारा यह कीमती बर्तन हमें जैसे-का-तैसा वापस मिल जाना चाहिए। इसमें रखा बुद्धि का फल भी तभी प्रभावशाली साबित होगा, जब इस बर्तन को कोई नुकसान न पहुँचे।"
इस पर दूत ने बीरबल से पूछा- "हुजूर ! क्या मैं इस बुद्धि के फल को देख सकता हूँ।" "हाँ.... हाँ.... जरूर । " बीरबल ने अपनी गर्दन हिलाते हुए कहा- "और हाँ, अगर आपके राजा को कुछ और बुद्धि की आवश्यकता पड़े तो ऐसे पाँच घड़े हमारे पास और तैयार रखे हैं।" परेशान होते हुए दूत ने मन-ही-मन सोचा- "हमारी भी मति मारी गई है। भला हमें भी क्या सूझी, बीरबल का कोई जवाब नहीं है.... भला ऐसी बात मैंने सोची भी कैसे ?"
घड़ा लेकर दूत के जाते ही बादशाह अकबर भी अपनी उत्सुकता को न दबा सके। वे फौरन बोल उठे- "बीरबल ! बुद्धि का फल हमें भी तो दिखाओ, अभी-अभी तुम कह रहे थे कि ऐसे पाँच घड़े और भी रखे हैं ?" "अभी मँगाए देता हूँ आलमपनाह !" बीरबल ने उत्तर दिया। बादशाह के कहते ही घड़ा मँगवा दिया गया, जैसे ही उन्होंने घड़े में झाँका तो उन्होंने पूरा का पूरा घड़ा कद्दू से भरा पाया। देखते ही बादशाह को हँसी आ गई। वे बीरबल की पीठ ठोकते हुए कहने लगे- "मान गए भई ! तुमने भी बुद्धि का क्या शानदार फल पेश किया है, लगता है इसे पाकर लंका के राजा के बुद्धिमान होने में तनिक भी देर नहीं लगेगी।"
अभ्यास
प्रश्न - 01. निम्नलिखित शब्दों के अर्थ शब्दकोश से खोजकर लिखिए।
उत्तर :–
दूत = संदेशवाहक
हुक्म = आदेश
बंदोबस्त = प्रबंध
भेंट कर देना = उपहार देना
चकरा जाना = हैरान होना
उत्सुकता = तीव्र इच्छा
हाजिर = उपस्थित
तनिक = थोड़ा
प्रश्न - 02. लंका के राजा का दूत अकबर के पास क्या लाने के लिए पहुँचा ?
उत्तर :– लंका के राजा का दूत अकबर के पास एक घड़ा भरकर बुद्धि लाने के लिए पहुँचा।
प्रश्न - 03. अकबर बादशाह ने बीरबल को किस कार्य के लिए बुलाया ?
उत्तर :– अकबर बादशाह ने बीरबल को घड़े भर बुद्धि का बंदोबस्त करने के लिए बुलाया।
प्रश्न - 04. बीरबल ने बुद्धि का घड़ा कैसे तैयार किया ?
उत्तर :– बीरबल ने मिट्टी के घड़ों को कद्दू के फूलों पर उल्टा रख दिया, जिससे कद्दू घड़े के अंदर ही बड़ा होकर घड़े के आकार का हो गया।
प्रश्न - 05. बादशाह अकबर को क्या उत्सुकता हुई ?
उत्तर :– बादशाह अकबर को बुद्धि का फल देखने की उत्सुकता हुई।
प्रश्न - 06. यदि बीरबल के स्थान पर आप होते तो क्या करते ?
उत्तर :– यदि मैं बीरबल के स्थान पर होता, तो मैं भी अपनी सूझबूझ और चतुराई से इसी प्रकार की कोई युक्ति निकालता।
रिक्त स्थान पूर्ति प्रश्न
प्रश्न - क. लंका के दूत के आने पर बीरबल ने फौरन ताली बजाई।
प्रश्न - ख. इसमें रखा गया बुद्धि का फल भी तभी प्रभावी साबित होगा जब इस बर्तन को कोई हानि न पहुँचे।
प्रश्न - ग. जब बादशाह अकबर ने घड़े में झाँका तो पूरा का पूरा घड़ा कद्दू के फल से भरा पाया।
प्रश्न - घ. इसे पाकर लंका के राजा को बुद्धिमान होने में तनिक भी देर नहीं लगेगी।
भाषा अध्ययन
प्रश्न - 1. निम्नलिखित मुहावरों के अर्थ लिखकर, वाक्यों में प्रयोग कीजिए।
उत्तर :–
पीठ ठोकना - शाबाशी देना।
(वाक्य: कक्षा में प्रथम आने पर शिक्षक ने मेरी पीठ ठोंकी।)
मति मारी जाना - बुद्धि काम न करना।
(वाक्य: लालच में आकर उसकी मति मारी गई।)
मुँह माँगा - इच्छानुसार।
(वाक्य: बीरबल को कार्य के लिए मुँह माँगा समय मिला।)
चकरा जाना - हैरान होना।
(वाक्य: लंका के राजा की माँग सुनकर अकबर चकरा गए।)
आँखें बिछाना - बहुत आदर करना।
(वाक्य: मेहमानों के स्वागत में गाँव वालों ने आँखें बिछा दीं।)
नौ दो ग्यारह होना - भाग जाना।
(वाक्य: पुलिस को देखकर चोर नौ दो ग्यारह हो गया।)
प्रश्न - 2. सही शब्द पर गोला लगाइए।
(क) उतसुकता, उतसूकता, उत्सुकता, उत्सूकता ।
(ख) बुधिमान, बुद्धिमान, बुद्धीमान, बूद्धिमान ।
(ग) वादशाह, बादशाह, वादसाह, वादशहा ।
(घ) प्रभावशाली, परभावशाली, प्रभाभशाली, पर्भावषाली ।
(ङ) आर्शीवाद, आर्शिवाद, आषीरवाद, आशीर्वाद ।
उत्तर :–
(क) उत्सुकता
(ख) बुद्धिमान
(ग) बादशाह
(घ) प्रभावशाली
(ङ) आशीर्वाद
प्रश्न - 3. स्तम्भ 'अ' में वाक्यांश तथा स्तम्भ 'ब' में वाक्यांश के लिए एक शब्द दिया है। इनकी सही जोड़ियाँ बनाइए-
| स्तम्भ 'अ' | स्तम्भ 'ब' |
| जिसका अधिक प्रभाव हो | प्रभावशाली |
| जिसके पास बुद्धि है | बुद्धिमान |
| सेवा करने वाला | सेवक |
| पूजा करने वाला | पुजारी |
| जो बहुत अधिक बोलता है | वाचाल |
प्रश्न - 4. शब्दों को उचित क्रम में रखकर सार्थक वाक्य बनाइए।
(अ) राजा का एक दूत दरबार में लंका के में पहुँचा अकबर के।
(आ) बादशाह चकरा अकबर गए सुनकर दूत की बात।
(इ) व्यवस्था की नौकर ने मिट्टी के घड़ों की।
(ई) तुमने अपनी निभाई है कुशलता पूर्वक बड़ी जिम्मेदारी।
उत्तर :–
(अ) लंका के राजा का एक दूत अकबर के दरबार में पहुँचा।
(आ) दूत की बात सुनकर बादशाह अकबर चकरा गए।
(इ) नौकर ने मिट्टी के घड़ों की व्यवस्था की।
(ई) तुमने अपनी जिम्मेदारी बड़ी कुशलतापूर्वक निभाई है।
अंग्रेजी- मेम्बर, डायरी, मोटर, पेन्सिल
फारसी- जादू, जमाना, फौज, दुकान
अरबी- वकील, कलम, किताब, आदमी
तुर्की- कैंची, बहादुर, लाश, तोप
फ्रांसीसी- इंजीनियर, पुलिस, इंजन, कार्टून
प्रश्न - 5. निम्नलिखित शब्दों के तत्सम रूप लिखिए।
उत्तर :–
घड़ा - घट
काम - कर्म
मुँह - मुख
सूरज - सूर्य
आग - अग्नि
दिन - दिवस
साँप - सर्प
हाथ - हस्त
प्रश्न 6. पाठ में आए इन शब्दों को पढ़िए और चौखाने में दिए शब्दों में से इनके हिन्दी शब्द खोजकर लिखिए
| बन्दोबस्त प्रबन्ध |
खास विशेष |
हुक्म आदेश |
| बादशाह महाराज |
मौजूद विद्यमान |
हाजिर उपस्थित |
| मजाक उपहास |
भरोसा विश्वास |
इनाम पुरस्कार |
| कीमती मूल्यवान |
अक्ल बुद्धि |
नुकसान हानि |
| खुद स्वयं |
जिम्मेदारी उत्तरदायित्व |
हुजूर श्रीमान |
| जवाब उत्तर |
पेश प्रस्तुत |
शानदार भव्य |
प्रश्न 7. नीचे बनी वर्ग पहेली से निम्नलिखित शब्दों के दो-दो पर्यायवाची शब्द छाँटिए
शब्द: आकाश, कमल, घर, पानी, दिन, फूल
| न | ज | ल | ज | सु |
| ग | भ | र | वा | म |
| ग | नी | भ | र | न |
| न | दि | व | स | ष्प |
| स | द | न | पु | क |
उत्तर:
- आकाश: गगन, नभ
- कमल: जलज, पंकज
- घर: सदन, भवन
- पानी: जल, नीर
- दिन: दिवस, वार
- फूल: पुष्प, सुमन
योग्यता विस्तार
1. इसी प्रकार की बुद्धिमत्ता से संबंधित कोई अन्य कहानी अपनी कक्षा में सुनाइए।
2. बीरबल की चतुराई से संबंधित अन्य प्रसंग बालसभा में सुनाइए।
3. कक्षा में 'बीरबल के चुटकुले' अपने शिक्षक से सुनिए और स्वयं भी सुनाइए।
पाठ से अतिरिक्त अभ्यास हेतु प्रश्न
सत्य - असत्य कथन प्रश्न (अतिरिक्त)
प्रश्न - 1. बीरबल अकबर के दरबार में एक महत्वपूर्ण मंत्री था। (सत्य)
प्रश्न - 2. लंका के राजा ने असली बुद्धि माँगी थी। (असत्य)
प्रश्न - 3. घड़े में कद्दू देखकर अकबर को गुस्सा आया। (असत्य)
प्रश्न - 4. लंका के राजा ने अकबर से सोने के सिक्के माँगे थे। (असत्य)
प्रश्न - 5. बीरबल ने घड़े को कद्दू के फूल पर उल्टा रखा था। (सत्य)
प्रश्न - 6. घड़े का मुँह बहुत बड़ा था। (असत्य)
प्रश्न - 7. बीरबल अकबर के दरबार में मंत्री थे। (सत्य)
रिक्त स्थान पूर्ति प्रश्न (अतिरिक्त)
प्रश्न - 1. बीरबल ने घड़े को कद्दू के फूल पर उल्टा रख दिया था।
प्रश्न - 2. बीरबल ने घड़े तैयार करने के लिए पन्द्रह दिन का समय लिया था।
पाठ से अभ्यास हेतु अतिरिक्त वैकल्पिक प्रश्न
प्रश्न - 1. बीरबल ने नौकर को कैसे घड़े लाने का आदेश दिया?
(A) बड़े मुँह वाले
(B) छोटे मुँह वाले
(C) चौड़े मुँह वाले
(D) बिना मुँह वाले
उत्तर : (B) छोटे मुँह वाले
प्रश्न - 2. बुद्धि का फल पाठ में किस सब्जी के फल का प्रयोग किया गया है?
(A) लौकी
(B) कद्दू
(C) बैंगन
(D) टमाटर
उत्तर : (B) कद्दू
प्रश्न - 3. बीरबल ने घड़ा भरने के लिए कितना समय माँगा था?
(A) दो दिन
(B) कुछ हफ्ते
(C) एक साल
(D) कुछ महीने
उत्तर : (B) कुछ हफ्ते
प्रतियोगिता परीक्षा हेतु प्रश्न (अतिरिक्त)
प्रश्न - 1. "आलमपनाह" शब्द किस भाषा का है?
(A) अंग्रेजी
(B) तुर्की
(C) फारसी
(D) फ्रांसीसी
उत्तर : (C) फारसी
प्रश्न - 2. "मति मारी जाना" मुहावरे का सही अर्थ क्या है?
(A) बहुत अधिक बोलना
(B) बुद्धि का काम न करना
(C) बुद्धिमान होना
(D) अपमानित करना
उत्तर : (B) बुद्धि का काम न करना
प्रश्न - 3. निम्नलिखित में से शुद्ध वर्तनी वाला शब्द चुनिए:
(A) आर्शीवाद
(B) आशीर्वाद
(C) आषीरवाद
(D) आर्शिवाद
उत्तर : (B) आशीर्वाद
सत्य / असत्य कथन
प्रश्न - 1. "इंजीनियर" और "पुलिस" फ्रांसीसी शब्द हैं। – सत्य
प्रश्न - 2. "किताब" और "कलम" अरबी भाषा के शब्द हैं। – सत्य
प्रश्न - 3. "हाथ" शब्द का तत्सम रूप "हस्ता" है। – सत्य
सही जोड़ियाँ
| स्तम्भ 'अ' | स्तम्भ 'ब' |
| जो बहुत अधिक बोलता है | वाचाल |
| जिसके पास बुद्धि है | बुद्धिमान |
| सेवा करने वाला | सेवक |
| जिसका अधिक प्रभाव हो | प्रभावशाली |
तत्सम शब्द चयन
| तद्भव शब्द | तत्सम रूप |
| काम | कर्म |
| सूरज | सूर्य |
| आग | अग्नि |
| साँप | सर्प |
सुवाक्य
मूर्ख मित्र से बुद्धिमान शत्रु अच्छा होता है।
पब्लिक 💬 टिप्पणियाँ (Comments) (2)
अपनी टिप्पणी (Comment) दें। 👇